भगवा रंग में रंगा शहर, गूंजें जय श्री राम के जयकारे, उत्साह से मनाया भारतीय नव वर्ष

0
154
City colored in saffron, chants of Jai Shri Ram echoed, Indian New Year celebrated with enthusiasm

हिन्दू जागरगण मंच की ओर से आयोजित की गई धर्मयात्रा, ऊंट, घोड़ों पर सवार होकर शामिल हुए बालक

काफी तादाद में महिलाओं ने भी निभाई भागीदारी, चहुंओर फहराई धर्म ध्वजा

पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह से मुस्तैद, एसपी तेजस्विनी गौतम स्वयं रहीं फील्ड में मौजूद

बीकानेर। भारतीय नव वर्ष और चैत्र प्रतिपदा यानि वासंतीय नवरात्रि के पहले दिन समूचा शहर भगवा रंग में रंग गया। लोगों ने उत्साह से भारतीय नव वर्ष मनाया। इस अवसर पर हिन्दू जागरण मंच की ओर से धर्मयात्रा आयोजित की गई जिसमें पारम्परिक परिधान में सैकड़ों लोग उमड़े। जूनागढ़ के सामने नव वर्ष की पहली संध्या पर मां भारती की आरती की गई।


एमएम ग्राउंड से रवाना हुई इस रैली में ऊंटों और घोड़ों पर सवार हुए बालक भी शामिल हुए। वहीं पुरूष पारम्परिक वेषभूषा सफेद कुर्ता-पजामा पहने और सिर पर केशरिया रंग का साफा बांधकर और धर्म ध्वजा हाथों में लेकर शामिल हुए। वहीं महिलाएं भी केशरिया रंग की साड़ी पहने नजर आईं। करीब चार किलोमीटर की इस रैली का विभिन्न संगठनों की ओर से जगह-जगह पुष्प, गुलाल और इत्र की वर्षा कर स्वागत किया गया और सनातनियों के माथे पर चंदन से त्रिपुंड लगाया गया। विभिन्न संगठनों की ओर से धर्मयात्रा में शामिल हुए लोगों को शरबत, शीतल पेयजल की बोतल, आईसक्रीम आदि की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। धर्मयात्रा के रास्ते पर जगह-जगह डीजे लगे थे जिन पर देशभक्ति और रामभजन बजाए जा रहे थे। देशभक्ति गीतों और रामभजनों पर लोग नाचते नजर आए। बीकानेर पश्चिम क्षेत्र विधायक जेठानंद व्यास आज अपने समर्थकों के साथ धर्मयात्रा में शामिल हुए। वे एमएम ग्राउंड से ही धर्मयात्रा के चले। बाद में वे जूनागढ़ के सामने जीप में आगे खड़े होकर पहुंचे। उनके साथ अरविन्द किशोर आचार्य सहित कई समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता रहे।

वहीं बहुत से सनातनी केशरिया पताकाएं लगाए मोटर साइकिल, स्कूटी, टैक्सी और स्वयं के चौपहिया वाहनों में बैठकर धर्मयात्रा में शामिल हुए। धर्मयात्रा के दौरान भारत माता की जय, जय श्रीराम के जयकारें लगाए जा रहे थे। एमएम ग्राउंड से लेकर जूनागढ़ तक हर जगह माहौल भगवा और राममय हो गया। धर्मयात्रा जूनागढ़ के सामने पहुंची, वहां सजे मंच पर मौजूद साधू-संतों और हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने मां भारती की आरती की। इससे पहले शहर के विभिन्न मोहल्लों में भारतीय नव वर्ष और चैत्र प्रतिपदा यानि नवरात्रि पर धर्म रैलियों का आयोजन किया गया।

भाजपा प्रत्याशी और विधायकों ने पुष्पवर्षा कर धर्मयात्रा का स्वागत किया


भारतीय नव वर्ष और चैत्र प्रतिपदा यानि नवरात्रि पर हिन्दू जागरण मंच की ओर से निकाली गई धर्मयात्रा पर केन्द्रीय कानून मंत्री और भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सिद्धिकुमारी, कोलायत विधायक अंशुमानसिंह ने पुष्पवर्षा कर धर्मयात्रा में शामिल सनातनियों का स्वागत किया। वहीं उपमहापौर राजेन्द्र पंवार, भाजपा नेता महावीर रांका सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी धर्मयात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से धर्मयात्रा पर की गई पुष्पवर्षा


कोटगेट के अन्दर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से मंच सजाया गया। जहां मोर्चा के मुमताज अली भाटी, रमजान अब्बासी, उस्मान गनी, सलीम आदि कार्यकर्ताओं की ओर से धर्मयात्रा में शामिल हुए सनातनियों का उत्साह के साथ पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। अल्पसंख्यक मोर्चा के इस मंच पर सबसे आकर्षण का केन्द्र मुस्लिम कार्यकर्ता की गोद में भगवान शिव का रूप धरे बालक का बैठना रहा।

पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम स्वयं रहीं फील्ड में मौजूद


धर्मयात्रा के आयोजन के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए आज पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद रही। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस अधिकारी फील्ड में मौजूद रहे। साथ ही धर्मयात्रा के दौरान शहर के बहुत से स्थानों पर करीब एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। वहीं महात्मा गांधी रोड पर बीएसएफ के जवान भी हथियारबंद होकर तैनात रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here